सात साल बाद भी नहीं मिला मुआवजा

रुद्रप्रयाग। बसुकेदार-क्यार्क-बरसूड़ी मोटर मार्ग निर्माण के सात साल बाद भी प्रभावित काश्तकाराें को मुआवजा नहीं मिल पाया है। वहीं सड़क निर्माण की वजह से जूनियर हाईस्कूल क्यार्क बरसूड़ी की पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसकी मरम्मत अभी तक नहीं हो पाई है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य विजया देवी, पूर्व प्रधान इंद्र सिंह चौहान, वीरेंद्र लाल, वीरेंद्र पंवार, महेंद्र पंवार और विजेंद्र पंवार आदि ने बताया कि पीएमजीएसवाई के तहत सात वर्ष पूर्व बसुकेदार-क्यार्क-बरसूड़ी सड़क का निर्माण किया गया था। सड़क निर्माण के चलते काश्तकाराें की सिंचित भूमि कट गई थी, लेकिन अभी तक प्रभावित काश्तकाराें को मुआवजा नहीं मिल पाया है। इस संबंध में अधिकारियों को कई बार कहा गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उन्हाेंने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान जूनियर हाईस्कूल क्यार्क बरसूड़ी की पेयजल योजना भी क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन विभाग द्वारा अभी तक योजना की मरम्मत नहीं हो पाई है। इधर, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि प्रभावित काश्तकाराें के मुआवजा के लिए स्टीमेट भेजा गया था, लेकिन अभी स्वीकृति नहीं मिली है। जबकि पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होने संबंधी जानकारी नहीं है।

Related posts