बोल्डरों से पटा है बिंद्राकोटी से बुंदी मार्ग

डीडीहाट। कैलास-मानसरोवर यात्रा 12 जून से शुरू हो रही है और जिले के धारचूला में यात्रा 13 जून को पहुंच भी जाएगी, लेकिन यात्रा मार्ग के हाल अभी भी ठीक नहीं हो सके हैं। बिंद्राकोटी से बूंदी तक का पैदल मार्ग बोल्डरों से पटा है। यात्रा मार्ग का जायजा लेने गई भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की टीम ने ये खुलासा किया है। आईटीबीपी ने लोक निर्माण विभाग के किसी भी कर्मचारी के नहीं पहुंचने की शिकायत जिला प्रशासन से की है।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी के सेनानी केदार सिंह रावत ने बताया कि लगातार हो रही बारिश की वजह से कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग कई जगहों पर बंद हो गया है। यात्रा मार्ग का जायजा लेने के लिए कालापानी से लिपूलेख तक गए आईटीबीपी के जवान वाहिनी मुख्यालय पहुंच गए हैं। बताया कि इस साल उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रिकार्ड हिमपात हुआ था। इसकी वजह से कई स्थानों पर रास्ते गायब हो गए हैं। बिंद्राकोटी (लखनपुर) से बूंदी तक कई जगहों पर बड़े-बड़े बोल्डर आ गए हैं।
लोनिवि का कोई भी कर्मचारी अब तक अग्रिम चौकी गुंजी तक नहीं पहुंचा है। यात्रा मार्ग की हालत खस्ता होने से कोई भी बड़ी घटना हो सकती है। बताया कि यात्रा मार्ग में आईटीबीपी की विशेष राहत टीम को तैनात किया गया है।

Related posts