नहीं मिला पूर्व फौजी, रातभर खोजते रहे ग्रामीण

बेरीनाग। जालड़ी गांव से रविवार की सुबह पर्यावरण बटालियन पिथौरागढ़ को रवाना हुए पूर्व फौजी श्याम सिंह का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। बारिश से रामगंगा उफनाने से खोजबीन के कार्य में बाधा पहुंची है। इसके बावजूद स्थानीय ग्रामीण राजस्व कर्मियों के साथ रात भर नदी के आसपास खोजबीन के काम में जुटे रहे। अनहोनी की आशंका से लापता व्यक्ति के घर में मातम छाया हुआ है।
पर्यावरण बटालियन पिथौरागढ़ में कार्यरत पूर्व फौजी श्याम सिंह (50) रविवार की सुबह अपने गांव जालड़ी से पिथौरागढ़ को रवाना हुआ। शाम को परिजनों को उसके बटालियन में न पहुंचने की जानकारी लगी। ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। सोमवार की सुबह अंगड़ीयागाड़ा और बैगनीगाड़ा के बीच में खराब रास्ते और रामगंगा के बीच ढलान में लोगों को श्याम सिंह का बैग, जूते और अन्य चीजें मिली।
दुर्घटना का अंदेशा होने पर लोगों ने रामगंगा और उसके आसपास खोजबीन शुरू की। लेकिन बारिश से बढ़ता जलस्तर और मटमैला पानी इसकी राह में आड़े आ गया। इसके बावजूद लोग सोमवार रातभर खोजबीन में जुटे रहे। राजस्व उप निरीक्षक सुरेंद्रसिंह बिष्ट ने बताया है कि मंगलवार नदी में रावलखेत गांव तक पांच किलोमीटर के दायरे में ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने खोजबीन की है। जिला आपदा प्रबंधन से प्रशिक्षित गोताखोर मंगाए गए हैं। राहत कार्य में ग्राम प्रधान नीमा खनका, लाल सिंह, भरत मारकुना, राजू चैसरी, राजेंद्र कार्की, नारायण सिंह, पूरन सिंह, बालम सिंह, केशर सिंह आदि जुटे हुए हैं।

Related posts