दयारा के प्रमुख पड़ाव बार्सू में जुटे प्रख्यात चित्रकार

उत्तरकाशी। ‘स्वच्छ गंगा स्वच्छ हिमालय अभियान’ के तहत देश के कई प्रख्यात चित्रकार दयारा के प्रमुख पड़ाव बार्सू गांव पहुंचे। यहां दस दिनों तक चले ‘आर्ट फॉर एक्शन’ शिविर में इन्होंने दर्जनों कलाकृतियां तैयार कीं। अब देश-विदेश की विभिन्न आर्ट गैलरी में इनकी प्रदर्शनी लगाकर स्वच्छ गंगा अभियान के लिए फंड जुटाया जाएगा।
बार्सू गांव का नैसर्गिक सौंदर्य देश के प्रख्यात चित्रकारों के लिए अच्छा प्लाट साबित हुआ। अभेदा गंगामया ट्रस्ट हरिद्वार तथा सन्यास आश्रम मुंबई की ओर से यहां आयोजित दस दिवसीय शिविर में देश के नामचीन चित्रकार जुटे। उन्होंने यहां गंगा, हिमालय सहित प्रकृति के विविध रंगों को कैनवास पर उतारा।
शिविर के संयोजक स्वामी अभेदानंद ने बताया कि शिविर का उद्देश्य इन चित्रकारों को पेंटिंग तैयार करने के लिए आदर्श स्थितियां मुहैया कराना रहा। यहां तैयार कलाकृतियों की देश-विदेश के आर्ट गैलरी में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इससे प्राप्त फंड को स्वच्छ गंगा स्वच्छ हिमालय अभियान पर खर्च किया जाएगा। दयारा के जगमोहन रावत ने बताया कि प्रख्यात चित्रकार यहां प्रकृति के विविध रंगों से अभिभूत नजर आए। उन्होंने चित्रकारी के लिए इस क्षेत्र को आदर्श बताया।

शिविर में शामिल चित्रकार
राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त केरल के सीएन.करुणाकरन, डी.कलाधरन, मधु वेणुगोपाल, बहुल्यम, मुंबई के बोस कृष्णमाचारी, दिल्ली के केआर सुभाना, श्रीधर अय्यर, पीएस जोश, कृष्णमुरारी, अनूप कामथ, सुभर्णा मंडल, अलय लाल, बंगलूरू के मुरली चीरथ व बडोदरा की प्रीति कहर।

Related posts