जड़ी ढुमका की महिलाओं ने डीएम को घेरा

उत्तरकाशी। डुंडा प्रखंड के जड़ी ढुमका गांव की महिलाएं पानी की समस्या को लेकर लामबंद हो गई है। गुस्साई महिलाओं ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन कर डीएम का घेराव किया। डीएम डा. आर.राजेश कुमार की ओर से तत्काल कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ही वे शांत हुईं।
मंगलवार को जड़ी ढुमका गांव की महिलाएं बड़ी संख्या में कलक्ट्रेट पहुंची और जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन करने के बाद डीएम का घेराव किया। उनका कहना था कि गांव की पेयजल योजना के स्रोत पर पर्याप्त पानी होने के बावजूद तीन माह से पानी का संकट बना हुआ है। लाइन के कई जगह क्षतिग्रस्त होने से पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में ग्रामीण प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढोने के लिए विवश हैं। जल संस्थान के अधिकारियों को कई बार सूचित करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। घेराव करने वालों में द्रवेश्वरी, पार्वती, देवकी, नीमा, गुड्डी, विद्या, शीला, राजेंद्र प्रसाद, शिवशंकर, सूर्य प्रकाश आदि शामिल थे।

Related posts