जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं

अल्मोड़ा। प्रदेश के श्रम और रोजगार राज्य मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने कहा है कि सरकार ने जन कल्याण की कई योजनाएं चलाई हैं। जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पलायन पर अंकुश लगाने को स्वरोजगार जरूरी है। सरकार स्वरोजगार योजनाओं के लिए अनुदान मुहैया करा रही है।
पालिका सभागार में पत्रकार वार्ता में श्री दुर्गापाल ने कहा कि दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए सरकार पर्वतीय जिलों में काश्तकारों को पचास फीसदी और मैदानी जिलों में दुधारू पशु खरीदने के लिए 40 फीसदी अनुदान दे रही है। महिला डेरी योजना के तहत अल्मोड़ा में पांच करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। चंपावत में चिलिंग प्लांट के लिए भी पांच करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
उन्होंने ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। लोगों को स्वरोजगार अपनाकर योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। खादी ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से ब्याज उपादान योजना चलाकर चार फीसदी ब्याज की दर से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना में ऋण सीमा दो लाख से बढ़ाकर पांच लाख कर दी गई है। उद्यमियों को अनुदान राशि समय पर नहीं मिलना चिंताजनक है। सब्सिडी शीघ्र देने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र में पर्यटन विकास की काफी संभावनाएं हैं। इसके लिए भी सरकार ठोस प्रयास कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक माहौल बेहतर बनाने और श्रमिक हितों की रक्षा के लिए सरकार तत्पर है। श्रम कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related posts