मशोबरा-ढली-कुफरी मार्ग चौक पर सीसीटीवी कैमरा

शिमला। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने ऊपरी शिमला की ओर से आने-जाने वाली गाड़ियों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगा दिया है। कैमरा मशोबरा-ढली-कुफरी सड़क मार्ग चौक पर लगाया गया है। यहां से गुजरने वाली गाड़ियों पर 24 घंटे निगाह रखी जा सकेगी। मौजूदा समय में 14 जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनका कंट्रोल सीधा पुलिस थानों से है। ये कैमरे लोकल बस स्टैंड, बालूगंज चौक, बीसीएस चौक, मालरोड, रिज मैदान, शोघी, टुटू और संजौली में लगाए गए हैं। इसके अलावा बंधित और प्रतिबंधित सड़कों पर भी कैमरे लगाना प्रस्तावित है। इन सड़कों पर बिना रूट परमिट से गुजरने वाली गाड़ियां भी कैमरे में कैद हो जाएंगी। जिन गाड़ियों का रूट परमिट है, उनका डाटा बेस तैयार किया जाएगा। पुलिस आसानी से बिना रूट चल रही गाड़ियों की पहचान कर पाएगी। ओवर स्पीड वाहनों पर भी कड़ी नजर रखी जा सकेगी। पुलिस सहायता कक्ष मालरोड के समीप एक कमरा लेकर इन सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। इसकी मंजूरी मिल चुकी है। इस प्रोजेक्ट पर करीब एक करोड़ लागत आने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि मशोबरा-कुफरी रोड पर सीसीटीवी कैमरा लगा दिया गया है। शहर में अन्य जगहों पर भी जल्द इन्हें लगाया जा रहा है।

यहां प्रस्तावित हैं सीसीटीवी कैमरे
सीटीओ, आरट्रैक, एजी चौक, कैनेडी हाउस, सिसल एडवांस स्टडी, बालूगंज, छोटा शिमला, संजौली डेंटल कालेज, आईजीएमसी गेट लक्कड़ बाजार, डिप्लोमेट होटल के समीप इंदिरा गांधी खेल परिसर, शैलेडे स्कूल, मरिना होटल के समीप व शेर ए पंजाब।

Related posts