200 करोबारियों को नोटिस, 100 की तैयारी

बिलासपुर। जनपद बिलासपुर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कायदे-कानून तोड़कर व्यापारिक प्रतिष्ठान चल रहे हैं। होटल, उद्योग और छोटे कारोबारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी तक नहीं ले रहे। कई प्रतिष्ठान बिना एनओसी के चल रहे हैं तो कइयों की एनओसी रिन्यू नहीं की जा रही। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी इस पर सख्ती शुरू कर दी है। अब तक जिला भर के तकरीबन 200 ऐसे लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं जबकि सौ और लोगों के नोटिस तैयार है। नोटिस मिलने से कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
उद्योग, होटल या फिर अन्य प्रतिष्ठान चलाने के लिए मापदंड तैयार किए गए हैं। बिलासपुर से मंडी जिले तक सैकड़ों ऐसे उद्योग-धंधे प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दायरे में आते हैं लेकिन विभागीय औपचारिकताएं पूरी नहीं की जा रहीं। बोर्ड एनओसी तभी देगा, जब प्रदूषण को रोकने के लिए मालिक वहां कार्य करेगा। मसलन, कोई आचार का उद्योग चला रहा है तो उसे वहां से निकलने वाली गंदगी को ठिकाने लगाने के लिए भी कदम उठाने होंगे ताकि प्रदूषण न फैले। होटलों पर भी यही शर्त लागू होती है। जिले में ऐसे नियमों को शायद पूरा नहीं किया जा रहा। एनओसी लेने में हो रही देरी से तो ऐसा ही प्रतीत हो रहा है। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार पिछले दो महीने की अवधि के दौरान लगभग 200 लोगों को नोटिस भेजे गए हैं। बोर्ड के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि लगभग 100 नोटिस और तैयार है। इन्हें इसी महीने भेजा जा रहा है। बार-बार नोटिस भेजने के बावजूद यदि किसी ने एनओसी लेने में दिलचस्पी नहीं दिखाई तो उनके बिजली पानी के कनेक्शन काटने के लिए संबंधित विभाग को अनुशंसा की जाएगी।

Related posts