खाली बर्तन लेकर करेंगे प्रदर्शन

भगेड़ (बिलासपुर)। बिलासपुर की उमस भरी गर्मी में कई गांवों में पानी का संकट गहरा गया है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह खाली बर्तन लेकर विभाग के दफ्तरों का घेराव करने के लिए विवश हो जाएंगे।
जानकारी के अनुसार कुठेड़ा गांव में इन दिनों पानी नहीं आ रहा है। गांव के पेयजल स्रोत भी सूख गए हैं। लोगों में इस बात को लेकर खासा रोष है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार विभाग के अधिकारियों से शिकायत की है। बावजूद इसके आज दिन तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।ग्रामीण मनोज कुमार, ज्ञान चंद, बीना देवी, जगरनाथ, हुकम चंद, विशनदास, ज्योति धीमान, दौलत राम, नरेश कुमार, अशोक कुमार, उर्मिला देवी, हेम राज ने कहा कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर हो जाएंगे। वहीं इस संबंध में आईपीएच के सहायक अभियंता देवराज के अनुसार जलस्तर घटने के कारण पानी कम हो गया है।
वहीं नगर परिषद घुमारवीं के अंतर्गत हारकुकार वार्ड में भी पानी की समस्या गहरा गई है। लोग टुल्लूू पंप लगाकर खेतों की सिंचाई कर रहे हैं। वहीं पीने के लिए पानी लोगों को नहीं मिल रहा है। इलाके के रणजीत सिंह, तारा देवी, मंगल सिंह, सदा राम, राकेश कुमार, शीला देवी, पूजा देवी, प्रेम कुमार, मनोज कुमार, सुरेश कुमार, कमला देवी, विकला देवी और डाडू राम के अनुसार विभाग जानबूझ कर समस्या की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल और उपाध्यक्ष राकेश चोपड़ा सहित पार्षद प्रेम सिंह से समस्या के समाधान की मांग की है। वहीं इस संबंध में आईपीएच के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार के अनुसार विभाग के पास पानी की शिकायत अभी तक नहीं पहुंची है। अगर लोगों को पीने के पानी की सप्लाई नहीं हो रही है तो जल्द ही इस संबंध में कदम उठाए जाएंगे।

Related posts