
पालमपुर/लंबागांव (कांगड़ा)। इलाके में चोरी की वारदातें अभी थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वहीं शातिरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वह लूटपाट की वारदातों को फिल्मी स्टाइल में अंजाम देने लगे हैं। इससे लोगों में और दहशत फैलने लगी है। ऐसा ही मामला जयसिंहपुर में पेश आया। जहां बाइक सवार तीन लोगों ने एक व्यापारी से थैला छीनने की कोशिश की। हालांकि, वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने इस मामले में बाइक मालिक को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम जयसिंहपुर के सर्राफा व्यापारी मनोज गुप्ता दुकान बंद कर घर जा रहे थे। रास्ते में तीन बाइक सवारों ने फिल्मी स्टाइल में स्टंट मारकर उनका थैला छीनने की कोशिश की। लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाए। व्यापारी ने अपने थैले में लाखों रुपए के गहने रखे हुए थे। इस बात का पता लगते ही वहां व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। उनके शोर मचाने पर साथ लगते टैक्सी स्टैंड के चालकों ने बाइक सवारों के पीछे अपने वाहन लगा दिए। लेकिन कुछ दूरी पर ही आरोपी बाइक खड़ी कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। थोड़ी देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने हड़ोटी खड्ड में इस बाइक को अपने कब्जे में ले लिया।
इसके चलते पुलिस ने पूछताछ कर बाइक मालिक राजेश को अपनी हिरासत में ले लिया। दूसरी ओर मामला व्यापारी से जुड़ा होने के कारण सभी व्यापारियों ने थाना लंबागांव पहुंचकर इस मामले पर जल्द कार्रवाई करने व इलाके में हो रही चोरी की वारदातों पर रोक लगाने की बात कही। उधर, थाना प्रभारी सुनील राणा ने बताया कि बाइक के मालिक राजेश कुमार को हिरासत में ले लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
गुस्साए लोगों ने की आरोपी के रेस्टोरेंट में तोड़फोड़
पकड़े आरोपी राजेश धीमान निवासी लंबागांव को तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। जबकि गुस्साए लोगों ने कुटाहण स्थित आरोपी के रेस्टोरेंट की तोड़ फोड़ की है।
