ग्राहण में पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे लोग

दलाश(कुल्लू)। क्षेत्र की डिंगीधार पंचायत के ग्राहण गांव में लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे है। हालत यह है कि लोग पानी के लिए कई किलोमीटर का सफर करने को मजबूर हैं। गांव में यह समस्या दस दिन से हैं। हालांकि इस बारे में लोगों ने विभाग के अधिकारियों सेे भी शिकायत की है, लेकिन इसके बाद भी लोगाें की समस्या दूर नहीं हो पाई है। अब लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर पानी नहीं मिला तो वे आईपीएच के कार्यालय के बाहर धरना देने को मजबूर होंगे।
क्षेत्र के लोगों में गुलाब सिंह, जय सिंह, हरि राम, तवारू राम, राम लाल, सतीश कुमार, कौल राम, मदन लाल, जोगिंद्र सिंह और रमेश कुमार का कहना है कि पानी के लिए सुबह शाम कई किलोमीटर का सफर पैदल चल कर पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। पानी की आपूर्ति ठप होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते पानी की आपूर्ति नहीं की गई तो वे आनी स्थित आईपीएच कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे।
इधर, आईपीएच के आनी कार्यालय में तैनात कनिष्ठ अभियंता सेसराम आजाद का कहना है कि वहां पर जो फिटर लगाया गया है वह पंचायत के तहत लगाया गया है। इस पर पंचायत की रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
उधर, पंचायत प्रधान पार्वती का कहना है कि पंचायत की ओर से लगाया गया, जलरक्षक काम पर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि इस बारे में उसे नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब मिलते ही इसे बारे में आईपीएच विभाग को सौंप दिया जाएगा।

Related posts