
रोहडू। सीटू ने मंगलवार को रोहडू में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सीटू कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी भी की। रोहडू बाजार में रैली निकाल कर मजदूर विरोधी नीतियों की निंदा की। सीटू बुधवार को एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भी भेजेगा। सीटू की क्षेत्रीय कमेटी के महासचिव अजय दुल्टा ने बताया कि केंद्र सरकार मजदूर विरोधी नीतियों को तेजी से लागू कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार महंगाई को रोकने के लिए कोई भी उपयोगी कदम नहीं उठा रही है। अनाज और अन्य खानपान की वस्तुआें में सट्टा बाजार की नीति जारी है। मजदूर और कम वेतन लेने वाले कर्मचारियों को महंगाई के दौर में घर चलाना मुश्किल हो गया है। इस दौरान संसार खलास्टा, वेद प्रकाश जिंटा, राकेश कोटवी, मुकेश धांटा, पवन शर्मा , निर्मला चौहान, रमन चौहान, राजेश जिंटा, विजेंद्र दुल्टा, सुरेश कुमार, विजय प्रकाश जिंटा सहित सीटू के कई सदस्य उपस्थित थे।
ये हैं मुख्य मांगें
सीटू की मांग है कि मजदूरों को कम से कम दस हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए तथा उसे उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के साथ जोड़ा जाए। समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए। ठेका मजदूरों को नियमित मजदूरों के समान वेतन दिया जाए। सभी मजदूरों को पेंशन की सुविधा दी जाए। आंगनबाड़ी कर्मचारी, मिड डे मील वर्कर, वाटर गार्ड और अन्य अंशकालीन वर्करों को पक्का किया जाए। तथा उन्हें सरकारी कर्मचारियों की सभी सुविधाएं दी जाएं और महंगाई पर रोक लगाई जाए।
