जरदारी ने कहा, राजनीतिक चुनौतियां समाप्त हो

जरदारी ने कहा, राजनीतिक चुनौतियां समाप्त हो

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा है कि विभिन्न चुनौतियों से जूझ रहे देश में राजनीतिक चुनौतियों को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाना अपरिहार्य है। जरदारी ने कल संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस मौके पर प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और अन्य निर्वाचित सदस्य मौजूद थे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक चुनौतियों को वहन नहीं किया जा सकता तथा अब मेलमिलाप की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा, ‘हम सत्ता परिवर्तन के लिए किए गए वायदों को पूरा करेंगे। यह लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण परिवर्तन एक लंबे संघर्ष के बाद सामने आया है।’ राष्ट्रपति ने शरीफ सहित सभी निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे देश की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करेंगे।

उन्होंने लोकतंत्र विरोधियों की धमकियों के बावजूद चुनाव में अपनी भागीदारी के लिए जनता का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘आज की तारीख में पाकिस्तान में तानाशाही का कोई स्थान नहीं है और मैं लोगों की निर्भयता का सलाम करता हूं। उन्होंने वोटों के जरिए अपनी आवाज बुलंद की है और उनकी आवाज सुनी भी गई है। पाकिस्तान के कबाइली इलाकों में अमेरिकी ड्रोन हमलों के संबंध में उन्होंने कहा कि ये हमले अंतरराष्ट्रीय कानूनों और देश की संप्रभुता का खुला उल्लंघन है तथा इस पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।

Related posts