
नई दिल्ली। गाजीपुर इलाके में सोमवार तड़के 35 साल की एक महिला के सिर पर छोटे एलपीजी सिलेंडर से वारकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से महिला का शराबी पति फरार है। माना जा रहा है कि उसी ने महिला की हत्या की। हत्या का मामला दर्ज कर गाजीपुर थाना पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतका कांति परिवार के साथ गाजीपुर में रहती थी। इसके परिवार में पति संजय कुमार और तीन बेटे हैं। कांति आनंद विहार स्थित एक मॉल में सुरक्षा गार्ड थी, जबकि पति बेरोजगार था। संजय को शराब पीने की लत थी। इस वजह से कांति अपने पति से काफी समय अलग रही। हाल में वह बिहार स्थित अपने गांव गई, जहां परिजनों ने पति-पत्नी के बीच सुलह करा दी थी। उसके बाद से संजय दुबारा कांति के साथ रहने लगा था। रविवार रात कांति और उसका पति नीचे कमरे में थे, जबकि बच्चे छत पर सो रहे थे। इस बीच सुबह जब बच्चे सोकर उठे तो उन्होंने नीचे घर में मां को खून से लथपथ पाया।
