
नई दिल्ली। करोलबाग इलाके में तीन दोस्तों ने अहमदाबाद के हीरा व्यवसायी से 42 लाख रुपये के हीरे ठग लिए। हीरा व्यवसायी की शिकायत पर पुलिस ने 34 लाख के हीरे ठगने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक ,किरण कुमार शाह अहमदाबाद में रहते हैं और हीरो का कारोबार करते हैं। उन्होंने करोलबाग थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि अहमदाबाद में उनकी मुलाकात नीरव जानी से हुई थी। नीरव ने उनकी मुलाकात मुंबई में रहने वाले अपने दोस्त दीपक से करवाई। दीपक ने किरण को फोन कर उनसे दोस्ती गांठ ली। दोस्ती होने पर दीपक ने अपने दोस्त रजत अग्रवाल के बारे में बताया। उसने बताया कि रजत हीरे का बड़ा कारोबारी है और वह उसके साथ कारोबार करे।
किरण ने उनकी बातों पर भरोसा करते हुए रजत को आठ लाख रुपये के हीरे दे दिए। एक माह में रुपये वापस करने की बात कही गई। एक माह बीतने पर जब किरण ने उनसे संपर्क किया तो नीरव और दीपक ने उन्हें दिल्ली आने के लिए कहा। साथ ही नए हीरे के सेट भी लाने और पुराना बकाया ले जाने को कहा। किरण उनकी बातों पर भरोसा कर करोलबाग आ गए, जहां रजत ने उन्हें कार्यालय में बिठाया और बताया कि कर्मचारी बैंक से रुपये लाने के लिए गया है। उसके बाद वह किरण के लाए 34 लाख रुपये के हीरे भाई को दिखाने के बहाने लेकर भाग गया। कुछ देर बाद दीपक भी वहां से फरार हो गया। उसके बाद किरण ने करोलबाग थाने में दिल्ली में हुई 34 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज करवाया।
