मेढ़ के विवाद में चली गोलियां, एक की मौत

लक्सर। सहीपुर गांव में खेत की मेढ़ को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में 62 वर्षीय ग्रामीण की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि दोनों पक्षों के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में तनाव बना हुआ है। पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दी गई है। मुख्य आरोपी भी गंभीर रूप से घायल है। उसका भी इलाज चल रहा है।
खानपुर थानाक्षेत्र के सहीपुर गांव निवासी पूर्ण सिंह, अंग्रेज सिंह और मुख्तियार सिंह तीन भाई हैं। इनके बराबर में ही गांव के तकवासीन के खेत हैं। खेत की मेढ़ को लेकर दोनों ही पक्षों कुछ समय से विवाद चल रहा है। बताया गया है कि सोमवार को करीब साढे़ 11 बजे पूर्ण सिंह ट्रैक्टर-ट्राली लेकर खेत में गया था। इसी बीच ट्रैक्टर का पहिया तकवासीन के खेत में चला गया। इस बात को लेकर तकसवासीन और उसके पुत्र राजू ने पूर्ण सिंह के साथ हाथापाई कर दी। उस वक्त गांव के लोगाें ने मामला शांत करा दिया। लेकिन घर पहुंचे पूर्ण सिंह ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पूर्ण सिंह, उसका भाई मुख्तियार सिंह और अंग्रेज सिंह समेत कई लोगों ने तकवासीन के घर को घेर लिया। दोनों तरफ से विवाद होने पर तकवासीन के पुत्र राजू ने तमंचे से गोली चला दी। गोली मुख्तियार सिंह के सीने में लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। घटना में मुख्तियार पक्ष के अंग्रेज सिंह, गुरजेंट सिंह और पूर्ण सिंह जबकि दूसरे पक्ष के राजू, संगवा और सोनू घायल हो गए।
घटना की सूचना पाकर सीओ मनोज कत्याल थाना पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी पक्ष की महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति है। गांव में पीएसी और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

मुख्य आरोपी हिरासत में लेने से इंकार
घटना के बाद आरोपी पक्ष ने गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी राजू को पुलिस की कस्टडी में देने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने सभी आरोपियों को एक साथ सपुर्दगी में लेने की बात कही। लोग खून से लथपथ आरोपी को पुलिस को हिरासत में देने के लिए काफी समय तक घूमते रहे। पुलिस के इंकार करने के बाद उसे अस्पताल ले गए। मुख्य आरोपी राजू बुरी तरह घायल है, फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।

महिलाओं का बुरा हाल
गांव में दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद से माहौल तनावपूर्ण है। मृतक पक्ष की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। उनमें भी आरोपियों के खिलाफ बेहद आक्रोश है। हालांकि सीओ ने किसी तरह महिलाओं को शांत करा दिया है। मगर वे बार-बार कार्रवाई की मांग कर रही हैं।

Related posts