
पिथौरागढ़। विद्यालयी शिक्षामंत्री मंत्री मंत्रीप्रसाद नैथानी ने द एशियन एकेडमी में छात्र सम्मान समारोह में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के लिए चयनित स्कूल के दो छात्रों को सम्मानित किया। स्कूल में जगदीश शिला डोली यात्रा का भी स्वागत हुआ। डोली अल्मोड़ा रवाना हो गई।
स्कूल में डोली यात्रा के साथ पहुंचे मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। स्कूल स्टाफ के साथ ही तमाम लोगों ने डोली का पूजन किया। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में 39वीं रेंकिंग के चयनित राहुल जोशी और 109वीं रेंक के साथ चयनित स्नेहल पंत को सम्मानित किया। शिक्षा मंत्री मंत्रीप्रसाद नैथानी ने कहा कि वर्तमान दौर में छात्रों को संस्कार परख शिक्षा देनी चाहिए साथ ही प्रतियोगी परीक्षा के लिए भी बच्चों को तैयार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जगदीश शिला डोली यात्रा पिछले तेरह सालों से आयोजित की जा रही है। गंगोलीहाट के महाकाली मंदिर, नारायण आश्रम, चितई के गोलू मंदिर, नैनीताल के नंदा देवी मंदिर, बागनाथ, जागेश्वर, पाताल भुवनेश्वर, दूनागिरी, मायावती आदि बड़े धामों को विकसित करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
एकेडमी के प्रबंधक वीरेंद्र पाल ने बताया कि विद्यालय के पांच छात्रों ने हाल में ही मेडिकल की परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेंद्र लुंठी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष हयात चंद, धीरेन्द्र चौहान, मुकेश पंत दर्शन फुलोरिया सहित कई कांग्रेसी और स्कूल स्टाफ मौजूद था।
