
डीडीहाट। कैलास मानसरोवर यात्रियों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए चिकित्सा कर्मियों का दल गुंजी रवाना हो गया है। पहले दल के यात्री 18 जून को गुंजी पहुंचेंगे। यहां होने वाले मेडिकल परीक्षण में सफल रहने वाले यात्रियों को ही आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी के सेनानी केदार सिंह रावत ने बताया कि गुंजी रवाना होने वालों में चिकित्सकों में डा.संदीप कुमार, डा.टी प्रकाश कुमार, डा.शैलेंद्र कुमार और डा.हरमीत सिंह शामिल है। चिकित्सकों के साथ फार्मसिस्ट और अन्य मेडिकल स्टाफ भी गुंजी के लिए रवाना हो गया है। इनमें से दो चिकित्सक गुंजी और दो कालापानी में तैनात होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए गुंजी स्थित मेडिकल कैंप में ईजीसी मशीन, न्यूबलाइजर, आक्सीजन कंशनट्रेटर, शुगर मशीन, हाईपो बैंग पहुंचा दिए गए हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली आक्सीजन की कमी को देखते हुए गुंजी और कालापानी में एक, एक हाइपो बैंग पहुंचाया गया है। बताया कि प्रत्येक यात्री दल के साथ कालापानी से लिपूपास तक चिकित्सक को भेजा जाएगा।
