
चंबा (टिहरी)। डंडासली गांव में एक कच्चे आवासीय मकान में आग लगने से उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। उधर, हेंवलघाटी के जंगलों में फैली आग ने कई हेक्टेयर वन को अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीणों की सूचना के बाद भी वन विभाग मौके पर नहीं पहुंचा।
प्रखंड के डंडासली गांव में अनार चंद रमोला के घर में अचानक आग लग गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पानी की बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही भवन पूरी तरह जल चुका था। मकान जल जाने से उसके सामने अब रहने की समस्या खड़ी हो गई है। दूसरी ओर हेंवलघाटी के भंडारगांव और आराकोट के जंगलों में आग लग गई। बुझाने के कोई प्रयास न होने से कई हेक्टेयर जंगल जल गए। सूचना के बाद भी वन विभाग का कोई भी नुमाइंदा मौके पर नहीं पहुंचा। प्रधान सुनील गोपाल कोठारी ने पीड़ित परिवार की सहायता करने की मांग की है।
