
चंपावत। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश सचिव मदन सिंह महर ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। मदन सिंह महर ने पार्टी के प्रांतीय और राष्ट्रीय नेतृत्व पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया है।
श्री महर का कहना है कि गत विधानसभा चुनाव में पार्टी का कोई भी प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी चंपावत में नहीं पहुंचा जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता चाहते तो चंपावत के अलावा डीडीहाट, भीमताल, रानीखेत, बागेश्वर और अल्मोड़ा विधानसभा सीटों को पार्टी के खाते में डालकर जीत का इतिहास रच सकते थे। लेकिन अपनी गलतियों से पार्टी ने जिताऊ सीटें खो दी। आज भी पार्टी के पास राज्य के विकास के लिए कोई एजेंडा नहीं है। स्थाई राजधानी, जाति, निवास प्रमाण पत्र, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर पार्टी आज भी खामोश है। उनका कहना है कि वह वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में एक बार फिर से जनता की अदालत में जाएंगे।
