
काशीपुर। रविवार की देर शाम जसपुर के थोक व्यापारी के मुनीम से काशीपुर में बदमाशों द्वारा सरेआम पांच लाख की लूट की घटना से व्यापारी बेहद डरे-सहमे हैं। घटना से क्षुब्ध देवभूमि व्यापार मंडल और नगर व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने कोतवाली में डेरा डाले एएसपी यशवंत सिंह चौहान का घिराव किया। आक्रोशित व्यापारियों ने घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव सेतिया और देवभूमि व्यापार मंडल के नेता राकेश नरुला के नेतृत्व में कोतवाली में एएसपी का घिराव किया। व्यापारी नेताओं ने कहा कि पुलिस लोगों की धन संपत्ति की सुरक्षा करने में विफल हो गई है। अपराधियों पर पुलिस का कोई खौफ नहीं है। लाखों की चोरियां हो रही हैं। पुलिस चोरियां नहीं खोल पा रही है। यही कारण है कि बदमाशों का साहस इतना बढ़ गया है कि भरे बाजार में बदमाशों ने जसपुर के थोक व्यापारी सुशील अग्रवाल के साथ चल रहे मुनीम तेजपाल के सिर पर तमंचे का बट मारकर घायल कर पांच लाख रुपयों भरा थैला लूट लिया। व्यापारियों ने पुलिस से यहां अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्ति करने, लूट तथा चोरियों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की। अन्यथा आंदोलन चलाने की चेतावनी दी।
एएसपी चौहान ने कहा कि पुलिस संदिग्ध बदमाशों की तलाश में जुटी है। जल्दी ही लूट का खुलासा हो जाएगा। इस मौके पर गुरविंदर सिंह चंडोक, अनुराग माहेश्वरी, अनिल ग्रोवर, मनोज, राजीव अग्रवाल, प्रमोद माहेश्वरी, नीरज गुप्ता, गौरव गुप्ता, रचित अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, जयभगवान अग्रवाल आदि मौजूद थे।
