
बद्दी (सोलन)। बद्दी-चक्का मार्ग पर स्थित एक दवा फैक्टरी में ईएसआईसी की टीम ने छापामारी की। इस दौरान 272 कामगार बिना ईएसआई पंजीकरण के पाए गए हैं। टीम ने मौके पर ही सभी कामगारों को ईएसआईसी के तहत पंजीकृत करवाया। टीम ने क्षेत्रीय निदेशक को रिपोर्ट भेज कर दवा फैक्टरी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की बात कही।
निगम के निदेशक बीएस नेगी ने बताया कि ईएसआई हैड क्वार्टर दिल्ली में उक्त उद्योग के खिलाफ मजदूर संगठनों की ओर से शिकायत दी गई थी कि उद्योग में बिना ईएसआई और पीएफ क ी सुविधा के कामगार नौकरी कर रहे हैं। इसके लिए ईएसआई मुख्यालय ने सबसे पहले सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों के माध्यम से उद्योग प्रबंधकों को 15 दिन पूर्व नोटिस जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद भी दवा फैक्टरी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को कर्मचारी राज्य बीमा निगम के निदेशक बीएस नेगी ने जन संपर्क अधिकारी देवव्रत यादव, नालागढ़ के अमी चंद और परवाणू के शेरिंग सेंपल के नेतृत्व में टीम का गठन कर उद्योग का निरीक्षण करने के आदेश दिए। इस दौरान फैक्टरी में 272 कामगार बिना ईेएसआई की सुविधा के पाए गए ।
बीएस नेगी ने कहा कि अभी तक कामगारों को इस सुविधा से वंचित रखने पर फैक्टरी संचालकों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का भी निर्देश जारी किए हैं। उधर, उद्योग के प्रबंधक एम जीवन ने बताया कि सभी कामगारों को ईएसआई के तहत पंजीकृत कर दिया गया है और उद्योग में ईएसआई के नियमों के तहत ही कार्य किया जा रहा है।
