
बद्दी/ सोलन। भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवानी के पार्टी के सभी पदों से त्यागपत्र देने की सूचना मिलते जिला भाजपा में नेता आहत हैं तथा कुछ भी बोलने की स्थिति में नजर नहीं आए। इन नेताओं का कहना है कि यह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आपसी मामला है तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता आडवानी को मनाने के प्रयास में लगे हुए हैं तथा शीघ्र ही इसके सार्थक परिणाम आने की उम्मीद है।
जिला अध्यक्ष गोबिंद राम शर्मा ने कहा कि यह वरिष्ठ नेताओं का मामला है तथा इसमें वह ज्यादा कुछ नहीं बोल सकते हैं। यह पार्टी की अंदरूनी लड़ाई है तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत सभी वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवानी को मनाने का प्रयास कर रहे है। उन्होंने पूरी उम्मीद है कि लाल कृष्ण आडवानी मान जाएंगे तथा भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता एकजुट होकर पार्टी हित के लिए कार्य करेंगे।
उधर, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला अध्यक्ष डा. राजीव सहजल ने इस मामले में कोई भी टिप्पणी करने से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि यह मामले उनके स्तर के ऊपर का है तथा इसमें मामले में वह कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डा. श्रीकांत ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने शीघ्र ही पार्टी को इस संकट से उभरने की उम्मीद जताई है। दून के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर और महासचिव बलबीर सिंह ने भी इसे पार्टी के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। बीडीसी उपाध्यक्ष बलविंद्र ठाकुर, पूर्व विधायक विनोद चंदेल, डीआर चंदेल, तरसेम कांटू, श्रवण चंदेल और गोपाल नेगी ने भी इसे पार्टी के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
