
बद्दी (सोलन)। संडोली पंचायत के तीन गांवों में एक माह से पेयजल किल्लत बनी हुई है। इन गांवों को जिस ट्यूबवेल से पानी सप्लाई होता है उसका जल स्तर काफी नीचे चला गया है। लोगों का आरोप है कि आईपीएच विभाग की ओर से मात्र पांच मिनट के लिए पानी छोड़ा जाता है जिससे एक परिवार को एक बाल्टी भी पानी नहीं मिल रही है।
संडोली पंचायत के शीतलपुर, लंडेवाल और कल्याणपुर गांव के सौ परिवार एक माह से पेयजल समस्या से परेशान हैं। लंडेवाला स्थित ट्यूबवेल से पानी इन तीनों गांवों को लिफ्ट किया जाता है, लेकिन ट्यूबवेल में पानी काफी कम हो गया है। इन तीनों गांवों के पांच सौ लोगों की आबादी के लिए मात्र आधा घंटा ही मोटर चलती है जिससे विभाग मात्र पांच मिनट के लिए पानी छोड़ा जाता है। कई लोगों को एक भी बाल्टी पानी की नहीं मिलती है। इलाके के अवतार सिंह, मनीष कुमार, कर्मचंद, देशराज, प्रेम कुमार और रामनाथ ने बताया कि नलकों में पानी न आने से प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है। मवेशियों को सरसा नदी का पानी पिलाया जा रहा है। कुछ लोग टैंकरों से पानी खरीद कर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। लोगों ने जिला प्रशासन ने इन तीन गांवों में पानी के टैंकर लगाने की मांग की है।
इस संबंध में आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता एचसी चेची ने बताया कि जल स्रोत में पानी सूखने से यह समस्या आई है। विभाग ने ट्यूबवेल के साथ कूहल बना कर जल स्रोत को रिचार्ज किया था। शीघ्र ही इस जल स्रोत को दूसरे जल स्रोत से जोड़ कर पानी को बढ़ाया जाएगा।
