बिना बारिश, अदरक की बिजाई लटकी

शिलाई (सिरमौर)। समय पर बारिश न होने से गिरिपार क्षेत्र के अदरक उत्पादक चिंतित हैं। अदरक की बिजाई का समय निकलता जा रहा है। पर्याप्त नमी न होने से अभी तक अदरक की बिजाई नहीं हो पाई है। यदि कम नमी में किसान अदरक की बिजाई करते हैं तो अदरक का जमीन में सड़ने का खतरा है।
बीज का ज्यादा दिन तक भंडारण भी नहीं किया जा सकता। यदि सप्ताह भर के भीतर बारिश नहीं होती है तो यहां के अदरक उत्पादक किसानों को समस्या झेलनी पड़ सकती है। किसान अदरक से सौंठ बनाने का कार्य भी करते हैं। वह इन दिनों अदरक की रोपाई करते हैं लेकिन पर्याप्त नमी न होने के कारण अदरक की रोपाई का कार्य रुका पड़ा है। बेला घाटी के किसान मदन सिंह, रमेश कुमार, अमर सिंह, बलबीर सिंह, सहीराम और ग्यार सिंह ने बताया कि जमीन में पर्याप्त नमी न होने के कारण अदरक की रोपाई नहीं हो पा रही है। किसान ज्यादा दिनों तक अदरक के बीज का यदि भंडारण करते हैं तो बीज में अंकुर निकलेंगे। यदि शुष्क मौसम में अदरक की रोपाई कर दी जाती है तो सूखने का डर रहता है। ऐसी स्थिति में किसान न तो रोपाई कर पा रहे हैं और न ही अदरक के बीज को कुछ दिनों के लिए भंडारण कर पा रहे हैं। यदि सप्ताह भर के भीतर बारिश न हुई तो अदरक उत्पादक किसान संकट में पड़ जाएंगे। कृषि प्रसार अधिकारी शिलाई डा. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि किसान पर्याप्त नमी में अदरक की रोपाई करें और भंडारण भी ठीक प्रकार से करें ताकि बीज खराब न हों।

Related posts