अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

शिलाई (सिरमौर)। पंचायत समिति शिलाई की आपात बैठक में समिति अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास हो गया है। इसकी सूचना विकास खंड अधिकारी शिलाई ने जिला पंचायत अधिकारी को भेज दी है। विकास खंड अधिकारी शिलाई ने मामले की पुष्टि की है।
सोमवार को विकास खंड अधिकारी शिलाई द्वारा जिला पंचायत अधिकारी नाहन के आदेश पर आपातकालीन बैठक बुलाई गई। गत 31 मई को पंचायत समिति शिलाई के 10 बीडीसी सदस्यों द्वारा जिला पंचायत अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर अपना अविश्वास जताया था। जिला पंचायत अधिकारी नाहन ने अविश्वास पत्र पर संज्ञान लेते हुए दिनों के भीतर आपात बैठक बुलाने के आदेश विकास खंड अधिकारी को दिए थे। आदेश का पालन करते हुए सोमवार को पंचायत समिति की आपातकालीन बैठक बुलाई गई। जिसमें 15 सदस्यों में से 13 सदस्यों ने भाग लिया।
सभी सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव को पास कर दिया। बैठक में बीडीसी सदस्य कल्याण सिंह धामटा, बंसी राम चौहान, रण सिंह, मुलायम सिंह, नत्तो देवी, रीना देवी, पूनम नेगी, किरण चौहान, विद्या देवी, रक्षा देवी, मांगी देवी, आशा देवी और पंचायत समिति के उपाध्यक्ष रती राम शर्मा ने भाग लिया। 15 में से 13 उपस्थित सदस्यों ने यह अविश्वास प्रस्ताव पास कर दिया। इस संबंध में विकास खंड अधिकारी शिलाई साहिब दयाल ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति अध्यक्ष बहादुर सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास हो गया है। जिसकी लिखित सूचना जिला पंचायत अधिकारी को भेज दी गई है। अध्यक्ष के चयन के लिए जैसे ही जिला अधिकारी नई तिथि घोषित करते हैं तो नए अध्यक्ष का चयन कर दिया जाएगा।

Related posts