राजगढ़ क्षेत्र में अवैध खनन से करोड़ों की कमाई

राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ क्षेत्र में बहने वाली प्रमुख गिरि नदी में अवैध रूप से बजरी व रेत को निकालने का काम बड़े पैमाने पर हो रहा है । इसके साथ ही शहर में सड़कों के किनारे प्लाट काटने का कार्य अवैज्ञानिक ढंग से किए जाने से पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। लोग अपनी भूमि से न केवल प्लाट बनाने के लिए खनन कर रहे हैं, बल्कि पत्थर निकालने के लिए भी बडे़ पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है।
इस तहसील में रासुमांदर क्षेत्र से गिरी नदी प्रारंभ होकर खैरी तक करीब 20 किलोमीटर जाती है। नदी के साथ लगते सारे इलाके में लोग खच्चरों व ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत व बजरी एकत्र करके प्रमुख सड़कों तक लाते हैं। जहां से उसे वाहनों द्वारा विभिन्न स्थानों को ले जाया जाता है। स्थानीय प्रशासन व पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों को पकड़ने के चलते पूर्व वर्षों की तुलना में थोड़ी कमी आई है।
शहर में बीच से बह रहा नाला सफाई न होने के कारण इतना अधिक भर गया है कि बरसात के मौसम में निचले बाजार में इसके समीप बने मकानों व दुकानों में पानी व मलबा भर जाना आम है। लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे लोग अपने भवनों के निर्माण के लिए प्लाट बनाने का काम वैज्ञानिक ढंग से करें और सैकड़ों फुट ऊंची पहाड़ी को काटकर मकान बनाने से बचें, क्योंकि भूकंप एवं भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदा के समय ये काफी खतरनाक साबित हो सकते है।
बाक्स-
सात वाहनों पर 31000 जुर्माना ठोका
एसडीएम राजगढ़ पंकज शर्मा का कहना है कि रेत व बजरी जो अवैध रूप से निकाली जा रही है, प्रशासन उस पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रहा है। अभी तक उन्होंने स्वयं अवैध रूप से रेत व बजरी ले जाने वाले सात वाहनों को पकड़ा है और उनसे 31हजार रुपये जुर्माना वसूल किया है। सड़कों के किनारे किए जा रहे खनन व सड़क पर मलबा डालने के मामलों में लोक निर्माण विभाग कार्रवाई करने में सक्षम है।
बाक्स——————
अवैध खनन की जानकारी पुलिस को दें:डीएसपी
डीएसपी राजगढ़ भूपेंद्र बरागटा का कहना है कि पुलिस रेत व बजरी की अवैध तस्करी पर कड़ी नजर रखती है। उन्होंने अभी तक अवैध रूप से रेत व बजरी ले जाने वाले छह वाहनों को पकड़ा है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह ऐसे मामलों की जानकारी सीधे उन्हें या थाना प्रभारी को दें तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।
बाक्स———
नियमों की अनदेखी करने वालों को भेजे नोटिस
लोक निर्माण विभाग राजगढ़ के अधिशासी अभियंता पीसी धरोच ने बताया कि सड़क किनारे प्लाट बनाने वाले और मलबा सड़क पर फेंकने वाले सभी लोगों को विभाग ने नोटिस दे रखे हैं। जिसकी सूचना पुलिस को भी दी जाती है। सड़कों के किनारे मलबा लोग रात को मलबा डाल देते है। जिस कारण विभाग को पता नहीं चल पाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसा कार्य करने वालों की सूचना उन्हें दें। विभाग ऐसे गलत काम करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
बाक्स————–
निजी भूमि पर धड़ल्ले से रहा यहां खनन
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र के कई जगहों पर निजी भूमि पर धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा है। विशेषकर लाणा बांका, बशाहां, मझोटली, मानगढ़, गलाणाघाट आदि क्षेत्रों में अवैध खनन हो रहा है। हालांकि मकान दुकान बनने के लिए रेता एवं बजरी की जरूरत सभी जगह पड़ती है लेकिन वैध खनन की आड़ में काला कारोबार खूब फल फूल रहा है।
बाक्स—-
हमे अपने सुझाव इस पते पर भेजें है:
अमर उजाला कार्यालय
हाऊस नंबर-4,वार्ड नंबर-5,
निकट कालीस्थान तालाब नाहन (सिरमौर)
फोन नंबर:01702-223773, फैक्स 01702-225339
मोबाइल नंबर 09736003223,
पांवटा कार्यालय का फोन एवं फैक्स नंबर 01704-225781
ईमेल करें-

Related posts