18 घंटे अंधेरे में डूबा रहा धर्मपुर क्षेत्र

धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर क्षेत्र में रविवार को करीब चार बजे बिजली गुल हो गई और सोमवार सुबह नौ बजे आई। 18 घंटे तक धर्मपुर क्षेत्र में अंधेरे में डूबा रहा। पूरी रात बिजली न होने के कारण लोग गरमी से परेशान रहे।
धर्मपुर क्षेत्र में कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण धर्मपुर के लोगों को बिजली की समस्या से अकसर जूझना पड़ता है। धर्मपुर क्षेत्र को जोगिंद्रनगर नेरी लांगना की तरफ से या फिर मंडी कोटली की ओर या संधोल की तरफ से धर्मपुर को जोड़ा जा सकता है। रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सरकाघाट से चुनावी जनसभा को संबोधित कर जोगिंद्रनगर विस क्षेत्र में प्रचार के लिए जा रहे थे तथा उनका धर्मपुर लोनिवि विश्राम गृह में भी कुछ देर रुकने का प्रोग्राम था, लेकिन क्षेत्र में अंधेरा होने के कारण वह नहीं रुके और विश्राम गृह के मुख्यद्वार पर थोड़ी देर रुकने के बाद सीधे जोगिंद्रनगर विस क्षेत्र की ओर निकल गए।
स्थानीय लोगों में काहन सिंह, बंसी लाल, श्याम लाल, पवन कुमार, रेवतराम, राजकुमार, हेमराज आदि ने कहा कि इस बार के अघोषित कट से लोग परेशान हो चुके हैं और सरकार से मांग करते हैं कि क्षेत्र के लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस प्रबंध किए जाएं ताकि क्षेत्र के लोगों को बार-बार हो रही बिजली की समस्या से न जूझना पड़े।
इस बारे में बिजली बोर्ड धर्मपुर उपमंडल के सहायक अभियंता बीएस ठाकुर से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि धर्मपुर 33 केवी सबस्टेशन की सप्लाई लाइन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

Related posts