जेपी में फर्जी गेटपास का भंडाफोड़

मलोखर (बिलासपुर)। जेपी सीमेंट उद्योग बाग्गा में फर्जी गेटपास का भंडाफोड़ हो गया है। सीमेंट उद्योग प्रबंधन ने फर्जी गेट पास पर चल रही तीन गाड़ियों को पकड़ लिया है। इनमें से एक गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। जबकि दो अन्य गाड़ियां उद्योग का सीमेंट लेकर सप्लाई के लिए निकल पड़ी है। उधर, कोहिनूर सर्वहितकारी परिवहन सभा रानीकोटला ने मामले में कार्रवाई करने की बात कही है।
जेपी सीमेंट उद्योग बाग्गा में बिलासपुर के लोगों को ढुलाई का 25 फीसदी कार्य दिया गया है। ऐसे में लोगों का नंबर नहीं लग रहा लेकिन कुछ शातिर लोगों ने कोहिनूर सर्वहितकारी परिवहन सभा से मिलने वाले पास की तरह के फर्जी गेटपास बना लिए हैं। इसके आधार पर ढुलाई की जा रही है। सोमवार को कंपनी प्रबंधन ने फर्जी गेट पास पर चल रही ऐसी ही तीन गाड़ियों को पकड़ा है।
सूत्र बताते हैं कि यह लोग खुद ही इस तरह के फर्जी पास बनाकर उद्योग से ट्रक लोड़कर ढुलाई का कार्य कर रहे हैं। उद्योग प्रबंधन को इसकी भनक लगी तो गेट पर पास की जांच हुई जिसमें तीन ट्रकों के गेट पास फर्जी पाए गए। दो ट्रक सीमेंट लोढ़ कर डिलीवरी करने निकल गए, जबकि एक अन्य ट्रक को सीमेंट लोड़ करते वक्त धरा गया। इसे उद्योग प्रबंधन ने अपने कब्जे में ले लिया है। उधर, कंपनी के किसी भी अधिकारी ने इस मामले में टिक्का टिप्पणी करने से इंकार किया। अलबत्ता कोहिनूर सर्वहितकारी परिवहन सभा रानीकोटला के सचिव दुर्गा सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस बारे कंपनी प्रबंधन की ओर से उन्हें सूचना मिली है। सभा की कार्यकारिणी बैठक आयोजित करते हुए आपरेटरों पर कार्रवाई को लेकर चरचा करेगी।

Related posts