
पपरोला (कांगड़ा)। कस्बे के खूह बाजार में बीती देर रात दो जगहों पर आसमानी बिजली गिरी। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आसमानी बिजली गिरने से बिजली के ट्रांसफार्मर व लाइनों को खासा नुकसान पहुंचा। इस कारण कस्बे के कई इलाकों में रात से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसे सोमवार को कड़ी मशक्कत के बाद बहाल किया जा सका।
जानकारी के अनुसार रविवार रात अढ़ाई बजे के करीब खूह बाजार की मेहता कालोनी में एक वृक्ष पर आसमानी बिजली गिरी। स्थानीय निवासी वरुण, अशोक, ऋतुराज, मुनीष, ऋषभ, अंशुल आदि ने बताया कि जोरदार धमाके की आवाज सुनकर वे अपने घरों से बाहर निकले तो देखा कि संपर्क मार्ग के साथ लगता वृक्ष आसमानी बिजली गिरने से 2 भागों में टूट गया था। हालांकि आसमानी बिजली साथ लगते रिहायशी मकानों पर नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, पटवारघर पपरोला के पास आसमानी बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर को खासा नुकसान पहुंचा है।
वहीं बिजली बोर्ड के एसडीओ आरके वर्मा ने बताया कि विभागीय कर्मियों ने ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।
