मांगों को लेकर प्रदर्शन करेगी किसान सभा

रोहड़ू। दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसान सभा ने सड़क पर उतरने का ऐलान किया है। सोमवार को किसान सभा का क्षेत्रीय सम्मेलन रोहड्ू में आयोजित किया गया। इस दौरान कई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
किसान सभा के सचिव राजकमल जिंटा के मुताबिक सम्मेलन में प्रस्ताव पारित किया गया कि नव उदारवादी नीतियों के खिलाफ किसान सभा का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। गरीब, छोटे किसानों का सरकारी वन भूमि पर होने वाली बेदखली का विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को दूध का समर्थन मूल्य तीस रुपये प्रति लीटर देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, बागवानी तथा अन्य विभागों में खाली पदों को भरने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि रोहड़ू सब्जी मंडी का सेब सीजन से पहले महेंदली के लिए स्थानांतरण किया जाए। इस दौरान मनरेगा में रोजगार, सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा भेड़ पालकों की मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि किसान सभा ने तय किया है कि जनता के मुद्दों को लेकर किसान सभा आंदोलन के लिए तैयार है। सम्मेलन में किसान सभा के क्षेत्रीय अध्यक्ष बिहारी लाल चौहान, उपाध्यक्ष सुखदेव चौहान, कोषाध्यक्ष राजिंद्र नेगी, सहसचिव संजीव कुमार, सदस्य सुरेश नेगी उपस्थित थे।

Related posts