
रामपर बुशहर। सड़क सुविधा से वंचित निरमंड ब्लाक की डीम पंचायत के आधा दर्जन गांवों के लोगों ने मंडी उपचुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। सोमवार को चमराला में हुई विशेष बैठक में जुआगी, तिंदर, चमराला, प्रांगचना, रकानी और ओडीधार के ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे राजनीतिक दलों को वोट डालने से क्या लाभ, जो आजादी के 67 वर्ष बाद भी उनको सड़क की सुविधा नहीं दे पाए हैं।
डीम पंचायत के जुआगी, तिंदर, चमराला, प्रांगचना, रकानी और ओडीधार के लोगों को सड़क सुविधा दिलाने की पहल वर्ष 2005 में शुरू हो चुकी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इन गांवों के लिए शील से जुआगी को सड़क निकाली जानी है, लेकिन आठ वर्ष में केवल दो किमी सड़क ही बन पाई है। इसके चलते लोग सड़क से वंचित हैं। इससे न केवल उनको खाद्य सामग्री एवं अन्य सामान पीठ पर उठाना पड़ता है, बल्कि बीमार व्यक्ति को कुर्सी पर बिठा कर सड़क तक लाना पड़ता है। सड़क न होने से परेशानी झेल रहे इन लोगों ने अब चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिया है। सोमवार को पंचायत प्रधान पूर्ण ठाकुर की मौजूदगी में ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें लोगों ने एकजुट होकर निर्णय लिया। पंचायत प्रधान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 13 जून को फिर एक बैठक होगी। इसमें ग्रामीण अपने निर्णय पर अंतिम मुहर लगाएंगे। प्रधान ने कहा कि राजनीतिक दलों को इन क्षेत्रों की याद सिर्फ चुनाव के समय आती है। इसलिए, लोगों में खासा रोष देखा जा रहा है। बैठक में वार्ड सदस्य पंछी राम, फूला देवी, लालचंद, कमलू राम, राजू, रणजीत, पेगा राम, यशवंत ठाकुर, कुलदीप आदि मौजूद थे।
