सांगला के लिए फिर बंद हुई सड़क

सांगला (किन्नौर)। ब्रुआ के पास सड़क बंद होने से एक बार फिर सांगला के लिए बड़े वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। रविवार देर रात ब्रुआ के पास चट्टानों के आने से सड़क पूर्ण रूप से बंद हो गया था। लेकिन, लोक निर्माण विभाग के कड़े प्रयास के बाद छोटे वाहनों लिए मार्ग को बहाल कर दिया गया है। जबकि, बड़े वाहनों की आवाजाही अभी भी ठप है। ब्रुआ के पास सड़क बंद होने से आए दिन लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले भी पहाड़ी से चट्टानों के आने से यहां पर करीब बीस से अधिक दिनों तक सड़क पूर्ण रूप से बंद रहा था। वहीं, अब फिर से सड़क बंद हो जाने से लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। इधर, कल्पा खंड के भाजपा मंडल अध्यक्ष कुंदन गयाछो नेगी, कल्पा खंड के महामंत्री तारा चंद नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल नेगी, पूर्व प्रधान बटसेरी बद्री विशाल नेगी, पूर्व प्रधान रकछम यवंत नेगी का कहना है कि सरकार और प्रशासन की ओर से ब्रुआ के लिए कोई पुख्ता प्रबंधन नहीं किए जा रहे हैं, जिससे यहां आए दिन मार्ग बंद हो रहा है। इधर, इसके बारे में एसडीओ कार्यवाहक सांगला सुरेश शर्मा ने बताया कि छोटे वाहनों के लिए मार्ग बहाल कर दिया गया है। जबकि, बड़े वाहनों के लिए मार्ग बहाल करने का प्रयास जारी है।

Related posts