
रामपुर बुशहर। कालेज सत्र 2013-14 के शुरू होते ही एबीवीपी ने कालेज में चल रही समस्याओं को लेकर सोमवार को कालेज प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। छात्र संगठन का कहना था कि कालेज में बन रहे आर्ट ब्लाक के निर्माण कार्य में देरी हो रही है। इसके अलावा कालेज में रिक्त प्रवक्ताओं के पदों को भी भरा जाए। एबीवीपी ने साफ कर दिया कि अगर समय रहते कालेज में चल रही समस्याओं को दूर नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इसके अलावा परिषद ने अपने मांग पत्र में कहा है कि कालेज ने कई वर्ष से इन खस्ताहाल कमरों की मरम्मत तक नहीं की है। कालेज परिसर में सफाई की उचित व्यवस्था करने, एमसीए, पीजीडीसीए, बीबीए और एमए समाजशास्त्र की कक्षाएं शुरू करने की मांग भी की गई। परिषद ने निर्णय लिया है कि 10 जून से कालेज में आने वाले नए छात्रों के मार्गदर्शन के लिए गाइडेंस ब्यूरो भी लगाए जाएंगे। इस मौके पर तिलक राज, विपन, दीपक वर्मा, सन्नी नेगी, इंद्र नेगी, प्रदीप ठाकुर, संदीप वर्मा, महेंद्र और नगर मंत्री विक्की ठाकुर भी मौजूद थे।
