
लंबगांव (टिहरी)। यहां मुख्य बाजार की सड़कों के गड्ढों पर मिट्टी बिछाने पर लोगों ने जमकर हंगामा काटा। लोगों का कहना था कि डामरीकरण के बजाय मिट्टी बिछाना उचित नहीं। इस मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों और लोनिवि के अधिकारियों के बीच तीखी झड़पें हुई। लोनिवि के ईई की ओर से राजस्व पुलिस में अभाविप के एक नेता के खिलाफ गाली गलौज करने और अभद्रता करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा का 11 जून को लंबगांव में कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिसे देखते हुए मुख्य बाजार की सड़कों पर बने गड्ढों को पाटने के लिए लोनिवि द्वारा शनिवार शाम को मिट्टी बिछाने पर व्यापारी भड़क उठे। उन्होंने लोनिवि के ईई जगमोहन सिंह चौहान को मौके पर बुलाया। लोगों का कहना था कि बारिश होने पर मिट्टी से सड़क में दलदल की समस्या हो जाएगी। विभाग सड़क का डामरीकरण नहीं कर सकता है तो मिट्टी भी न बिछाई जाए। जब मुख्यमंत्री आ रहे तो विभाग को गड्ढों की याद आने लगी है। लोनिवि के ईई ने कहा कि बजट उपलब्ध होने पर सड़क का डामरीकण भी किया जाएगा। जिसे लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। बाद में ईई चौहान की ओर से अभाविप के राष्ट्रीय पार्षद भान सिंह नेगी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। राजस्व निरीक्षक विनोद रतूड़ी ने बताया कि मामले की जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
इधर, व्यापारियों की ओर से डीएम को ज्ञापन भेजकर सड़क से तत्काल मिट्टी हटाने की मांग की गई। ईई द्वारा दर्ज रिपोर्ट वापस न लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष देवी सिंह पंवार, गैणा बगियाल, त्रिलोक सिंह बिष्ट और यशपाल कंडियाल आदि उपस्थित थे।
