श्रीनंदा राजजात झांकी रही आकर्षण का केंद्र

गैरसैंण। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के वार्षिकोत्सव में छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांधा। इस मौके पर छात्रों ने विज्ञान ड्रामा का शानदार प्रदर्शन किया।
रविवार को आयोजित वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ रचनात्मक कार्यों में भी प्रतिभाग करना चाहिए, जिससे उनमें सकारात्मक प्रतिस्पर्द्धा की भावना जागृत हो। विशिष्ठ अतिथि साहित्यकार गजेंद्र नौटियाल ने कहा कि शिक्षा और खेल के साथ स्कूलों में संस्कृति को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी लोकगीत और नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर श्रीनंदा राजजात की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही। छात्रों ने कप्पू चौहान और स्वास-पाचन नाटिका के मंचन से खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में गढ़वाली गीत गायन में अंजली प्रथम और प्रदीप रावत द्वितीय रहे। जबकि समस्त प्रतियोगिताओं में अलकनंदा सदन अव्वल रहा। इस मौके पर सीएस भंडारी, चंद्रमणि उनियाल, सीएस पंवार, डा. अवतार सिंह नेगी, एचएस रावत, बृजलाल शाह आदि मौजूद थे।

Related posts