देश सेवा का जज्बा खींच ले गया सेना में : जगदीश जोशी

रानीखेत। द्वाराहाट ब्लाक के तल्ली मिरई गांव निवासी पूर्व सैनिक तारा चंद्र जोशी के मझले पुत्र जगदीश जोशी को देश सेवा का जज्बा लेफ्टिनेंट जैसे ओहदे तक ले आया। जगदीश ने आईएमए इंडियन मिलट्री अकादमी का प्रशिक्षण पास कर लिया है उन्हें 28 पंजाब रेजीमेंट दिल्ली में नियुक्ति मिली है। जगदीश सफलता का श्रेय अपने परिजनों और आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के शिक्षकों को देते हैं।
आईएमए देहरादून से पॉसिंग आउट परेड के बाद जगदीश ने फोन पर बताया कि उनमें बचपन से ही राष्ट्र की सेवा का जज्बा था। उनके पिता तारा चंद्र जोशी सेना की ईएमई कोर से सेवानिवृत्त हैं। बड़ा भाई चिरायु जोशी ओटीए में प्रशिक्षण ले रहा है। जबकि छोटा भाई दिल्ली में सीए करता है। जगदीश ने बताया कि आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत से 12वीं करने के बाद वह मेरठ से कंप्यूटर बीटेक कर रहा था। तकनीकी स्नातक कोर्स के तहत आईएमए में उनका चयन हुआ। एक साल के कठिन प्रशिक्षण के बाद अब उन्हें 28 पंजाब रेजीमेंट दिल्ली में ज्वाइनिंग मिल गई है। उन्होंने बताया कि पिता तारा चंद्र, माता गीता जोशी, दादी मुन्नी देवी और चाचा दीप चंद्र जोशी की प्रेरणा से ही उन्हें सफलता मिली है। आर्मी पब्लिक स्कूल के शिक्षकों से भी उन्हें अच्छा सहयोग मिला। पॉसिंग आउट परेड के दौरान उनके साथ दादी मुन्नी देवी, चाचा दीप चंद्र जोशी, रानीखेत व्यापार मंडल जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मेहरा आदि भी मौजूद थे।

Related posts