
अल्मोड़ा। पेयजल एवं शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी 10 जून को अल्मोड़ा भ्रमण पर पहुंच रहे हैं। जनता को श्री नैथानी के भ्रमण कार्यक्रम से काफी उम्मीदें हैं।
अल्मोड़ा नगर और आसपास के क्षेत्र में पेयजल समस्या व्याप्त है। नगर के पेयजल संकट को दूर करने के लिए सरकार ने कोसी में बैराज स्वीकृत किया है, पांच करोड़ रुपये अवमुक्त होने के बाद भी कोसी बैराज का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। इसके अलावा सात वर्ष पहले मंजूर धौलादेवी ब्लाक में 7.09 करोड़ लागत की दोड़म समूह पंपिंग योजना, 35.77 करोड़ की सरयू-बेलक-दन्यां पंपिंग योजना का काम आरंभ नहीं हुआ है, जबकि सरकार ने इन योजनाओं के लिए टोकन मनी भी स्वीकृत कर दी है, लेकिन काम आरंभ नहीं हो सका है। इसके अलावा जिले के कई इलाकों के लिए स्वीकृत पेयजल योजनाओं पर भी काम आगे नहीं बढ़ सका है। जिससे खासकर गर्मी के सीजन में लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ता है।
जिले में शिक्षा व्यवस्था भी बदहाल बनी हुई है। प्राथमिक, जूनियर हाईस्कूल, हाईस्कूल और इंटर कालेजों में शिक्षकों के कई पद रिक्त पड़े हैं। हाल के वर्षों में उच्चीकृत इंटर कालेजों में 11वीं और 12वीं कक्षाओं को पढ़ाने के लिए शिक्षकों के पद तक सृजित नहीं हुए हैं। जिसका असर शिक्षा व्यवस्था पर पड़ रहा है। लोगों को आशा है कि 10 जून को अल्मोड़ा भ्रमण पर आ रहे शिक्षा और पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी इनमें से कुछ समस्याओं के निराकरण को अवश्य ही प्रभावी पहल करेंगे।
