पुलिस जवानों ने ‘कोला बेरी डी’ पर लगाए ठुमके

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय सभागार में रविवार को पुलिस कर्मियों के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। लिम्का बुक रिकार्ड होल्डर व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त मोटिवेटर और ट्रेनर आकाश गौतम ने कर्मचारियों व अधिकारियों को खुश रहने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि फालतू के काम करने में हम अपना समय बर्बाद कर देते हैं। इससे तनाव भी पैदा होता है और यही तनाव कार्यक्षमता को प्रभावित करता है। जो काम करना है उसे लेकर अगर हम सचेत हों तो बेहतर परफार्मेंस दे सकते हैं। खुश रहने के लिए काम के साथ परिवार को भी वक्त देना जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर के प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर पुलिस कर्मियों में उत्साह रहा। कार्यशाला के दौरान आकाश गौतम ने ऊंची आवाज पर ‘वाई दिस कोला बेरी, कोला बेरी डी’ गाना बजवाया। गाने की धुन के साथ कर्मचारियों को तालियां बजाने व डांस करने के लिए भी कहा। मौका मिलते ही पुलिसकर्मियों ने जोरदार ठुमके लगाए। कार्यक्रम में भाग लेने वाले पुलिस कर्मचारियों का कहना था कि वर्कशाप अटेंड करने के बाद वे अपनी ड्यूटी और अधिक प्रभावी और बेहतर तरीके से कर पाएंगे।

——
मैन पावर इंप्रूव करना उद्देश्य : दुल्लर
पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने बताया कि पुलिस विभाग में कर्मचारियों की कमी है, लेकिन मौजूदा स्टाफ को भी सशक्त करने की जरूरत है। मैन पावर को इंप्रूव करने के उद्देश्य से वर्कशाप का आयोजन किया गया है। कर्मचारियों को ड्यूटी के प्रति प्रेरित करने के लिए मोटिवेटर आकाश गौतम की मदद ली गई है। आने वाले दिनों में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

फेसबुक पर आएगी शंकर जी की फ्रेंड रिक्वेस्ट
मोबाइल के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए आकाश गौतम ने कहा कि सुबह जागने के बाद से रात को सोने से पहले तक हमारा पूरा ध्यान मोबाइल फोन पर केंद्रित रहता है। अगर हम मोबाइल की बजाय भगवान शंकर पर ध्यान केंद्रित करें तो भगवान भी हमें फेस बुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजेंगे।

Related posts