
शिमला। न केवल शिमला में इन दिनों पाकिस्तान में बनी संगमरमर की वस्तुएं और वस्त्र ही बिक रहे हैं बल्कि आप चाहें तो यहां पाकिस्तानी व्यंजनों के चटखारे भी ले सकते हैं। शिमला के रिज मैदान पर पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने फूड फेस्टिवल शुरू किया है। 7 जून को इंदिरा गांधी खेल परिसर में शुरू हुई अंतरराष्ट्रीय प्र्रदर्शनी शिमला मेगामार्ट 2013 के हिस्से के रूप में रिज मैदान पर रविवार को फूड फेस्टिवल शुरू किया गया। यह 13 जून तक चलेगा। रिज पर पाकिस्तान में बनाए जाने वाले कई तरह के लजीज व्यंजन सजाए गए हैं। इसमें पंजाबी, राजस्थानी, पाकिस्तानी और पुरानी दिल्ली के व्यंजन भी लगाए गए हैं। यह जानकारी पीएचडी चैंबर के उत्तरी जोन के क्षेत्रीय निदेशक दलीप शर्मा ने दी। पाकिस्तान का एक स्टाल लगाया गया है। इसी में पाकिस्तान के अलावा अफगानिस्तानी डिश भी सजाई गई हैं। शर्मा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस आयोजन के दौरान एक लाख से अधिक लोग मेगामार्ट का विजिट करेंगे। उन्होंने कहा कि शिमला में अगर जगह मिलती, तो यह आयोजन इससे अधिक व्यापक भी हो सकता था। हिमाचल प्रदेश पीएचडी चैंबर के चैंबर ध्यान चंद ने बताया कि पर्यटकों के उमड़ने के लिए शिमला शहर में यह एक पीक सीजन है।
