हिलक्वीन में पार्किंग पैक, दिक्कत में सैलानी

शिमला। राजधानी में सैलानियों का सैलाब उमड़ आया है। पर्यटकों को गाड़ियां खड़ी करने के लिए जगह नहीं मिल रही। पार्किंग संचालक गाड़ी पार्क करने की एवज में सैलानियों से मनमानी ठगी कर रहे हैं। पार्किंग के अभाव में सैलानियों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। मजबूरन मुख्य सड़क पर ही गाड़ियां पार्क करनी पड़ रही हैं जिससे सर्कुलर रोड पर जाम लग रहा है।
मैदानी इलाकों से छुट्टियां मनाने के लिए काफी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं लेकिन यहां पहुंचते ही उनका सामना पार्किंग समस्या से हो रहा है। रविवार को शहर की सभी प्रमुख पार्किंग सुबह से ही पैक रहीं जिस कारण दिन भर शिमला पहुंचने वाले लोगों को गाड़ी खड़ी करने के लिए यहां वहां भटकना पड़ा। सर्कुलर रोड पर टारिंग कार्य होने व भारी संख्या में पर्यटक वाहनों के शहर में पहुंचने के कारण रविवार को लंबा जाम लग गया। ओल्ड बस स्टैंड व लिफ्ट के बीच पुलिस जवानों ने जैसे तैसे व्यवस्था बनाए रखी और गाड़ियां खड़ी नहीं होने दीं। लेकिन लिफ्ट से हिमलैंड तक मुख्य सड़क के किनारे ही गाड़ियां खड़ी होने से जाम लगता रहा। चंडीगढ़ से घूमने आए अशोक मित्तल ने बताया कि वीक एंड पर एक दिन के लिए शिमला आए थे। गाड़ी खड़ी करने को जगह नहीं मिल रही। गाड़ी शहर से बाहर खड़ी करनी पड़ेगी। दिल्ली के हरभजन, कविराज व अंकित ने बताया कि पार्किंग न मिलने के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है।

अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया : रघु
डीएसपी ट्रैफिक पुनीत रघु ने बताया कि सर्कुलर रोड पर टारिंग कार्य चलने की वजह व अधिक संख्या में पर्यटक वाहनों के शहर में पहुंचने के से दिक्कत पैदा हुई है। व्यवस्था को सुधारने के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया था।

प्रशासन को नहीं दिख रही लूट
पार्किंग संचालक लूट खसोट पर उतर आए हैं। पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन मौन हैं। शिमला को विकसित करने के बड़े बड़े दावे तो किए जा रहे हैं लेकिन पार्किंग संचालकों के आगे विभाग घुटने टेक रहे हैं। अधिकतर पार्किंगों में तो रेट लिस्ट नहीं या रेट मिटा दिए गए हैं।

Related posts