राजा-रानी की जागीर नहीं है मंडी : जयराम

सुंदरनगर (मंडी)। मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र राजा-रानी की जागीर नहीं है, जो एक आता है तो दूसरा जाता है। यह जनता की जागीर है और इसमें वही होगा जो जनता चाहेगी। जनता ने इस बार भाजपा प्रत्याशी व किसान के बेटे को इस सीट से जिताने का मन बना लिया है। उसे राजा-रानी भी जान गए हैं, इसलिए वे बौखलाहट में उन्हें कमजोर प्रत्याशी बता रहे हैं। इस मौके पर उनका स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
वह रविवार को सुंदरनगर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के धारंड़ा, कलौहड़, पड़सल, चुरड़, घांघणु, चाह का डोहरा, तलेली, भंतरेहड़, डैहर, जांबला, जड़ोल, हराबाग व ब्यास व्यू में चुनाव प्रचार कर रहे थे। उन्होंने कहा है कि जब वह 2007 में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बने थे, उस समय भी वीरभद्र सिंह कहते थे कि भाजपा ने कमान एक नौसीखिए के हाथ दे दी है। तब इसी नौसीखिए ने वीरभद्र सिंह को धूल चटा भाजपा को पूर्ण बहुमत से सत्ता में लाया था। आज भी वही स्थिति हो गई है। अगर वह कमजोर प्रत्याशी होते तो आराम करने की उम्र में वीरभद्र सिंह सुबह से शाम तक दौड़ धूप नहीं करते। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह अपने पिछले कार्यकाल के चौथे साल में अपना दायित्व का निर्वहन करने के बजाय घर पर क्यों बैठ गई थीं। उन्होंने अगला चुनाव भी लड़ने से इंकार कर दिया था तथा अपनी सांसद निधि भी खर्च नहीं की। प्रतिभा के चुनाव न लड़ने पर वीरभद्र सिंह मैदान में उतरे व जीत हासिल कर संसद पहुंचे। वहां पर पहले तो वह मंत्री परिषद में शामिल होने के लिए तरसते रहे, जब मंत्री बने तो कुछ समय ब्ज्ञछ ही उनका महकमा बदल दिया गया इसके बाद उनकी केंद्रीय मंत्री परिषद से विदाई भी कर दी गई। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश जम्बाल, महामंत्री अरुम कौंडल, जिला किसान मोरचा के अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा, सुभाष जगोता व पूर्व जिला भाजयुमो अध्यक्ष ओम प्रकाश नायक भी उपस्थित थे।

Related posts