
पधर (मंडी)। पधर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुन्नू और पाली के सीमावर्ती गांव साहल और घड़ोपा में चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़ कर नकदी और आभूषण पर हाथ साफ कर दिया।
चोरों ने शनिवार देर रात को मूसलाधार बारिश के बीच इस वारदात को अंजाम दिया। चोर गाड़ी में हाकी और रॉड लेकर आए थे। इसमें कुछ सामान गांवों में फेंका हुआ बरामद किया गया। पुलिस ने कुछ साक्ष्य भी मौके से जुटाए। इनके आधार पर पुलिस चोरी मामले की जांच में जुटी है। तीनों मकानों में चोरी के दौरान परिवार के सदस्य दूसरे कमरों में सोए थे। चोरी की सूचना मिलते ही पधर थाना प्रभारी संजीव सूद की अगुवाई में पुलिस टीम रविवार सुबह साहल गांव पहुंची। डीएसपी हैड क्वार्टर आशीष शर्मा भी जांच करने मौके पर पहुंचे। निचले साहल गांव में चोरों ने प्रीतम कुमार पुत्र सोहन सिंह के मकान की धरातल मंजिल के ताले तोड़े और भीतर ट्रंक में रखी 10 हजार की नकदी, सोने की दो नथ, तीन तीली, एक टीक, चांदी पायल की एक जोड़ी चुरा ली। प्रीतम चंडीगढ़ में रहता है और परिवार घर पर ही था। चोरों ने यहां से थोड़ी दूरी पर प्रताप चंद पुत्र अच्छरू राम के घर में भी चोरी की। यहां चोरों ने एक कमरे के ताले तोड़, जबकि दूसरे कमरे में परिवार के सदस्य सोए थे। रात्रि डेढ़ बजे आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जागे तो चोर वहां से फरार हो गए। प्रताप चंद की 1500 रुपये की नकदी चोरी हुई। उधर घड़ोपा गांव में तरसेम सिंह के मकान के भी एक कमरे के चोरों ने ताले तोड़ डाले। भीतर ट्रंक में रखी 25 हजार की नकदी और सोने की एक जोड़ी रिंग पर से हाथ साफ कर लिया। पुलिस के अनुसार चोरों ने लगभग 60 हजार की नकदी और लाखों के गहने चुराए हैं।
थाना प्रभारी संजीव सूद ने बताया कि घटनास्थल से कुछ साक्ष्य पुलिस ने जुटाए हैं। इनके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस रात को पधर क्षेत्र के गश्त अभियान पर थी। उन्हाेंने कहा कि पुलिस गश्त को क्षेत्र में और तेज कर दिया है।
