
गैहरा (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लिल्ह कोठी में एक दर्जन अध्यापकों के पद खाली हैं। ये पद डेढ़ साल से रिक्त पड़े हैं। इस कारण स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे 720 के करीब बच्चों का भविष्य अधर में है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक स्कूल में प्रधानाचार्य, टीजीटी नान मेडिकल, पीईटी, बायोलाजी के प्रवक्ता, फिजिक्स प्रवक्ता, कैमिस्टरी प्रवक्ता, हिंदी प्रवक्ता, लेक्चरर आर्ट्स के पद खाली हैं। स्कूल में स्टाफ की कमी के चलते छात्र-छात्राओं ने दूसरे स्कूलों में दाखिला लेना शुरू कर दिया है। सूत्रों की मानें तो अतुल ठाकुर, लखन सिंह, सुशील कुमार, अक्षय ने स्टाफ की कमी को देखते हुए सुनारा स्कूल में दाखिला ले लिया है। इन बच्चों को नजदीकी स्कूल छोड़कर पढ़ाई के लिए 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। अभिभावक सुमन कुमार, पंजाब सिंह, अशोक कुमार, रमन कुमार, कंचन कुमार, विनोद कुमार, बीना देवी और पवन कुमार ने बताया कि स्कूल में रिक्त पड़े अध्यापकों के पदों को भरने के लिए कई बार शिक्षा विभाग व प्रदेश सरकार से मांग की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने शिक्षा विभाग व प्रदेश सरकार से मांग की है कि स्कूल में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को जल्द भरा जाए। ऐसा न होने पर वह भी अपने बच्चों को दूसरे स्कूल में एडमिशन करवाएंगे। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि इस संदर्भ में विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया है। जल्द समस्या का समाधान का दिया जाएगा।
