बघेईगढ़ में पानी की टाइमिंग कम करने से रोष

चुराह (चंबा)। क्षेत्र में पानी की सप्लाई कम किए जाने की सूचना से स्थानीय लोगों में रोष बढ़ने लगा है। विभाग यह कह कर पानी की सप्लाई में कट लगाने जा रहा है कि रिसोर्स में पानी कम है। वहीं ग्रामीणों का दवा है कि यह बात गलत है, जबकि स्रोत में भारी मात्रा में पानी मौजूद है। ग्रामीण इस खबर का पता चलते ही भड़के हुए हैं। बताया जा रहा है कि इसका सबसे ज्यादा खामियाजा पशु पालकों को चुकाना पड़ेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार चुराह की बघेईगढ़ पंचायत में आईपीएच विभाग ने सुबह 6 बजे से 9 बजे तक तथा शाम को 5 बजे के बाद पानी छोड़ने का फरमान जारी किया है। विभाग का कहना है कि पानी की कमी के कारण यह फैसला लिया गया है। दूसरी तरफ इलाके के लोगों ने इसका विरोध किया है। पूर्व पंचायत उप प्रधान रामदास ठाकुर, युवक मंडल के अध्यक्ष विपिन ठाकुर, ईम चंद ठाकुर, तेज सिंह वर्मा का कहना है कि स्त्रोत पर पानी बहुत है, लेकिन विभाग के कर्मी अपनी नाकामी छुपाने के लिए उच्चाधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पशु दस बजे के बाद व शाम को पांच बजे से पहले ही पानी पीते हैं, ऐसे में इन बेजुबानों को भी इसकी सजा भुगतनी पड़ेगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने पानी की सप्लाई बाधित की तो वे संघर्ष पर उतर आएंगे। विभाग के सहायक अभियंता सुरेश कुमार का कहना है कि उन्हें सूचित किया गया था कि स्रोत में पानी कम है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की शिकायत भी उन्हें पहुंच चुकी है। वह खुद स्रोत पर जाकर इसकी जांच करेंगे।

Related posts