पानी को लेकर संसाल में प्रदर्शन

बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ उपमंडल के संसाल, मढेड़ और भट्टू पंजाला के लोगों ने चौगान थाथी स्थित प्राकृतिक स्रोत से एक पेयजल स्कीम के लिए पानी लेने पर आईपीएच विभाग के प्रति रोष प्रकट करते हुए संसाल में प्रदर्शन किया। गांववासियों ने समस्या का हल न होने की सूरत में निचले क्षेत्र को पानी न देने की चेतावनी दी है।
गांववासियों का कहना है कि संसाल, मढेड़ और थाथी में पहले से ही विभाग तीन प्राकृतिक स्रोतों से विभिन्न पेयजल स्कीमों के लिए पानी ले रहा है। ऊपरी क्षेत्र में अब मात्र एक प्राकृतिक स्रोत शेष था। उसे भी निचले क्षेत्र के लिए पेयजल स्कीम से जोड़ा जा रहा है। लोगों का मानना है कि इस स्रोत को भी पेयजल योजना से जोड़ने पर ऊपरी क्षेत्र में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।
क ूहल कमेटी के प्रधान शकीनी राम, उप प्रधान ज्ञानु राम, मढेड़ के उप प्रधान सुभाष, भट्टू पंजाला के प्रधान राम लाल, पूर्व बीडीसी शीतल प्रसाद, शोभू राम, शेर सिंह, शौंकू राम, देशराज और राम सिंह का कहना है कि प्राकृतिक स्रोत से पानी लेने के कारण ऊपरी क्षेत्र के किसानों की हजारों कनाल भूमि के बंजर होने के साथ-साथ पेयजल की किल्लत उत्पन्न हो जाएगी। लोगाें ने चेताया कि समस्या का हल न होने की सूरत में निचले क्षेत्र को अन्य स्रोतों से दिए जा रहे पानी को भी रोक दिया जाएगा। उनका कहना है कि इस संबंध में एसडीएम ओपी ठाकुर व विधायक किशोरी लाल से आग्रह कि या गया था लेकिन समस्या का कोई हल नहीं हो सका।
एसडीओ संदीप चौधरी ने बताया कि सभी क्षेत्रवासियों को पानी उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। ग्रामीणों के साथ एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक कर समस्या का जल्द हल किया जाएगा।

Related posts