6 पन्नों में बंद जिया की मौत का रहस्य!

6 पन्नों में बंद जिया की मौत का रहस्य!

बॉलीवुड अभिनेत्री जिया खान के आत्महत्या मामले ने एक नया मोड़ लिया है। उसके परिवार को छह पृष्ठों का एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने आत्महत्या करने से पहले एक अभिनेता दंपत्ति के बेटे के साथ तनावपूर्ण प्रेम संबंध के बारे में लिखा है। जुहू थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिया के परिवार के सदस्यों ने पुलिस कार्रवाई के संदेह से मूल चिट्ठी अपने पास रखना पसंद किया लेकिन वे उसकी सत्यापित प्रति जांचकर्ताओं को देने पर सहमत हो गए। खबरों के अनुसार नोट में

कहा गया है, ‘‘तुमने मुझे धोखा दिया है। मैं इस संबंध पर भरोसा करती थी। लेकिन तुमने इस संबंध की परवाह नहीं की। जब तुम यह पत्र पढ़ रहे होगे, मैं शायद इस दुनिया में न रहूं। ’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘हम कानूनी विशेषज्ञों से राय लेंगे और यदि जरूरत महसूस हुई तो उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, हम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहते।’’ अधिकारी ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि नोट में सूरज का नाम है या नहीं।

पुलिस यह पता करने के लिए हस्तलिपि विशेषज्ञों की मदद भी लेगी कि क्या यह पत्र जिया ने खुद ही लिखा है। हालां कि परिवार ने दावा किया कि यह उसकी ही हस्तलिपि है।

गौरतलब है कि जिया (25) का शव सोमवार को रात ग्यारह बजे जुहु में सागर संगीत निवास में लटका हुआ मिला। वह वहां अपनी मां एवं बहन के साथ रहती थी। जब उसने फांसी लगाई तब उसकी मां और बहन कहीं गई हुई थीं।

Related posts