
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने नवगठित मंत्रिमंडल में विदेश मंत्रालय अपने पास ही रखने का निर्णय लिया है, ऐसे में भारत और अमेरिका के साथ पाकिस्तान के संबंधों सहित अन्य मुद्दोंं को आगे बढ़ाने में पूर्व मंत्री सरताज अजीज की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो जाएगी।
कैबिनेट डिविजन ने 84 वर्षीय अजीज की राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेशी मामलों पर प्रधानमंत्री के सलाहकार के रूप में नियुक्ति को अधिसूचित कर दिया है।
अजीज नब्बे की दशक में बतौर प्रधानमंत्री शरीफ के पिछले कार्यकाल में वित्त और विदेश मंत्री का पद संभाल चुके हैं। पिछले कुछ सप्ताह से अजीज विदेश नीति के मुद्दे पर शरीफ को सलाह दे रहे हैं और विदेशों के राजदूतों तथा देश के दौरे पर आ रहे नेताओं से साथ हो रही बैठकों में भाग ले रहे हैं।
पीएमएल-एन के सूत्रों ने बताया कि भारत और अमेरिका के साथ संबंधों और पड़ोसी देश अफगानिस्तान की स्थिति पर नयी सरकार की नीतियों को तय करने में अजीज महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कानून-व्यवस्था और तालिबान उग्रवाद से निपटने के लिए मंत्रिमंडल में निसार अली खान को गृहमंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है । देश में उर्जा (बिजली) की किल्लत से छूटकारा दिलाने का जिम्मा उर्जा मंत्री ख्वाजा आसिफ को सौंपा गया है ।
इन दिनों पूरा पाकिस्तान रोजाना 20 घंटों तक की भारी बिजली कटौती से जूझ रहा है और ऐसे में महत्वपूर्ण माने जा रहे जल एवं उर्जा मंत्रालय का जिम्मा पूर्व बैंकर रहे आसिफ को सौंपा गया है ।
