15 जुलाई तक जरूरी कार्य पूरे करें- डीएम

हरिद्वार। जिलाधिकारी डा. निधि पांडे ने शुक्रवार सीसीआर टावर में कांवड़ मेला-2013 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि 15 जुलाई तक सभी आवश्यक कार्य पूर्ण हो जाएं। एक जुलाई तक स्थायी कार्यों को पूरा कर लिया जाए। कहा कि एक सप्ताह में सभी विभागों के अधिकारी आवश्यकता अनुसार संयुक्त निरीक्षण की योजना बना लें।
बैठक में समन्वय पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ आपसी तालमेल से कार्य करें। स्वयंसेवी संस्थाओं, होटल, धर्मशाला, सिडकुल एसोसिएशन आदि से सहयोग के लिए बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि इस कांवड़ मेला आयोजन के लिए 50 लाख रुपये की वित्तीय मांग शासन से की जाएगी।
बैठक में एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने कहा कि कानून व्यवस्था के साथ-साथ कांवड़ियों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने की दिशा में भी कदम उठाने होंगे। सड़कों पर गड्ढे, बिजली और पानी की समस्या आदि बिंदुओं पर विशेष ध्यान देना होगा। हरकी पैड़ी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, पुलों और जंजीरों की मरम्मत आदि कार्य भी समय रहते पूर्ण करने होंगे।
बैठक में सीडीओ बीएस धनिक, एडीएम प्रशासन आनंद श्रीवास्तव, एडीएम वित्त आलोक कुमार पांडे, सिटी मजिस्ट्रेट जीवन सिंह नागन्याल, एसडीएम सदर डीपी सिंह, सीएमओ डा. दीपा शर्मा, डीएसओ महेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार मिश्रा, नासिर हुसैन आदि मौजूद रहे।

Related posts