पुलिस के हत्थे चढ़े गैंगरेप के तीनों आरोपी

हरिद्वार। युवती से गैंगरेप करने के तीनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। सलेमपुर महदूद से गिरफ्तार आरोपियों पर पांच जून की रात युवती से गैंगरेप करने और उसके मंगेतर को मारपीटकर बंधक बनाने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक पांच जून की रात एक युवती अपने मंगेतर के साथ बाइक पर सवार होकर सुमन नगर क्षेत्र से गुजर रही थी। वहां पर तीन युवकों ने जबरन उनकी बाइक रुकवा दी। मंगेतर को तो मारपीट कर पेड़ से बांध दिया गया और युवती के साथ तीनों ने गैंगरेप किया। घटना के संबंध में पीड़ित युवती की ओर से बृहस्पतिवार को रानीपुर थाने में बलात्कार, मंगेतर के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को चिह्नित कर लिया। शुक्रवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को सलेमपुर महदूद से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली। रानीपुर पुलिस ने बताया कि पीड़िता के साथ आसिफ, अशरफ और चंदर निवासी सलेमपुर महदूद ने बलात्कार किया था। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी छोटे-मोटे काम करते थे।

Related posts